आईजी ने किया मौका मुआयना, 2 दरोगा और 2 पुलिसकर्मी निलंबित, गैर इरादन हत्या का मुकदमा दर्ज मथुरा। जनपद के थाना हाईवे क्षेत्र के गांव अड़ूकी में पुलिस की गोली से हुई 8 वर्षीय बालक माधव की मौत के मामले में पीड़ित परिवार को मुख्यमंत्री सहायता कोष से जिलाधिकारी मथुरा सर्वज्ञराम मिश्रा ने पांच लाख रुपये की राशि का चेक प्रदान किया गया है। वहीं आईजी आगरा जोन ने गुरूवार घटनास्थल का निरीक्षण कर इस मामले में 2 दरोगाओं और 2 आरक्षियों को निलंबित किए जाने के आदेश दिए, जिनके विरुद्ध मृत बालक के पिता द्वारा गैर इरादतन हत्या का अभियोग दर्ज कराया गया है। थाना हाईवे के अड़ूकी गांव में बुधवार शाम 5 बजे अमरनाथ के 8 वर्षीय पुत्र माधव की पुलिस की गोली लगने से मौत हो गई थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पुलिस टीम बदमाश की सूचना पर गांव गई थी जबकि ग्रामीणों के अनुसार पुलिसकर्मी जुएं को पकड़ने वहां आए थे। इस मामले के गंभीर रूप धारण करने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रात्रि में ही पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुपालन में जिलाधिकारी सर्वज्ञ राम मिश्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई ने आज गांव पहुंचकर मृत बच्चे के पिता को मुख्यमंत्री सहायता कोष से 5 लाख रुपये की धनराशि का चेक प्रदान किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रवींद्र कुमार भी मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर आगरा जोन के पुलिस महानिरीक्षक राजा श्रीवास्तव ने मथुरा आकर घटना स्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार को न्याय प्रदान किए जाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने घटना के प्रथमदृष्टया दोषी 2 दरोगाओं वीरेंद्र सिंह एवं सौरभ शर्मा और 2 सिपाहियों उधम सिंह एवं सुभाष को तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने के आदेश भी दिए। कार्यवाहक थाना प्रभारी हाईवे अनिल वर्मा से प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के संबंध में मृत बालक के पिता अमरनाथ की ओर से उक्त चारों पुलिसकर्मियों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या का अभियोग दर्ज किया गया है। आईजी आगरा जोन राजा श्री वास्तव ने बताया कि गाँव मोहनपुर थाना हाईवे मथुरा में फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई थी जिसमे माधव शर्मा नाम का सात साल का बच्चा में गोली लगने की सूचना मिली थी इस सूचना पर जब मौके पर हम लोगों ने जांच की बातचीत की है जो तथ्य सामने आये हैं उन पर कार्यवाही की जा रही है।
Read MoreBREAKING NEWS












