मथुरा(सतपाल सिंह)। क्रांति पदयात्रा को सफल बनाने के आह्वान के साथ मथुरा में भारतीय किसान यूनिय तीन दिवसीय चिंतन शिविर का किसान भवन में सोमवार को समापन हो गया। समापन सत्र में देश भर से जुटे किसानों को संबोधित करते हुए भाकियू प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन ने कहाकि संगठन आगामी समय में बदला हुआ नजर आयेगा। वही पदाधिकारी संगठन में रह सकेंगे जो पूर्ण समर्पण और लगन के साथ किसान हित में काम करेंगे। जिन्हें राजनीति करनी है उनके लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के दरवाजे खुले हैं वे इन दलों में जाकर अपना उद्देश्य पूरा कर सकते हैं। भारतीय किसान यूनियन को राजनीतिक मंच की तरह उपयोग की सोच रखने वालों के लिए भी भाकियू मुफीद साबित नहीं होने जा रहा है।
23 अक्टूबर से शुरू हो रही क्रांति पदयात्रा में सहभागिता नहीं करने वाले पदाधिकारियों को संगठन से पद मुक्त भी किया जा सकता है। संगठन को मजबूती देने के लिए जनाधार रखने वाले पदाधिकारियों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गर्इं, इसमें यतेंद्र सिकरवार को प्रदेश महासचिव बनाया गया है। यतेंद्र सिकरवार ने कहाकि किसान क्रांति पद यात्रा में मथुरा से किसान बड़ी संख्या में सहभागिता करेंगे। इसके लिए अभी से तैयारी शुरू कर दी गई है। किसानों को भाकियू से जोड़ने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा।
जिलाध्यक्ष राजकुमार तौमर ने देश के कौने कौने से आये किसानों और किसान प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया, साथ ही स्थानीय कार्यकर्ता और स्थानीय पदाधिकारियों से 23 सितम्बर से शुरू हो रहे किसान आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया। इस दौरान मंडल सचिव डा. ओमवीर तांगर, तहसील अध्यक्ष महावन कृष्णागोपाल, देवेंद्र रघुवंशी, गजेंद्र गावर, राजपाल शर्मा, गजेंद्र परिहार, रामअवतार, बल्देव ब्लॉक अध्यक्ष राजपाल भरंगर, जिला उपाध्यक्ष जुगेन्द्र सिंह, मीडिया प्रभारी दलबीर सिंह विद्रोही, छोटू हलवाई, लेखराज सिंह आदि मौजूद रहे।
भाकियू खड़ा करेगी महिला विंग
भारतीय किसान यूनियन किसान आंदोलन को धार देने के लिए महिला विंग का गठन करने जा रही है। अभी तक मथुरा में महिलाओं का प्रतिनिधित्व संगठन में नहीं था। ब्रजेश देवी को महिला विंग का जिलाध्यक्ष बनाया जा सकता है।
Read More