मथुरा। सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र की अध्यक्षता में तहसील सदर में आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी लम्बित प्रकरणों के निस्तारण में तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित कर, फरियादियों को भी अवगत करायें। तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 79 जनशिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से 05 का मौके पर ही निस्तारण कर शेष जनशिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि समयान्तर्गत कार्यवाही सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने किसान हित से जुड़ी समस्याओं को गम्भीरता से लेते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जायेगी। उन्होंने उपकृषि निदेशक से कहा कि विगत दिनों फसलों में हुए नुकसान का वास्तविक आंकलन करायें, जिसकी वीडियाग्राफी भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रभावित गांवों का निरीक्षण करें और फसल बीमा कम्पनी के साथ प्रभावित क्षेत्र के गांवों में बैठक करें, जिससे नुकसान का सही आंकलन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने किसानों को निःशुल्क बोरिंग योजना का लाभ ‘प्रथम आवत-प्रथम पावत‘ के आधार पर सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये। उन्होंने यह भी कहा कि विकास खण्डवार कुल लम्बित प्रार्थना पत्रों का विवरण सप्ताहवार प्रस्तुत करें।
डीएम ने कहा कि बिना अनुमति के यदि कोई विभाग सड़क खोदकर कार्य कराता है तो संबंधित कार्यदायी संस्था के अधिकारी तथा ठेकेदार के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करायी जायेगी। उन्होंने बताया कि जिस विभाग की सड़क है यदि उस पर किसी विभाग को अपना कार्य कराना है तो उसे संबंधित विभाग से अनुमति लेना जरूरी होगा। यदि ऐसा नहीं किया जाता है तो यह माना जायेगा कि समन्वय के साथ कार्य नहीं किया जा रहा है और स्वेच्छा से सरकारी सम्पत्ति का नुकसान कर रहे हैं और ऐसा करने वालों के विरूद्ध सीधे एफआईआर दर्ज करायी जायेगी।
विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता से कहा कि सौभाग्य योजना के अन्तर्गत अब तक कुल कितने कनेक्शन किये गये हैं, लम्बित प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करायें। एक प्रकरण में जल निगम के अधिशासी अभियंता से नाराजगी प्रकट करते हुए कार्यप्रणाली में सुधार लाने की चेतावनी दी। डीएम ने भूमि विवाद संबंधी प्रकरण में तहसीलदार से कहा कि समयान्तर्गत निस्तारण सुनिश्चित करायें। उन्होंने सिंचाई, जिला पूर्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, मछली पालन, सेवायोजन, जिला कार्यक्रम अधिकारी, चकबन्दी सहित विभिन्न विभागों के सभी अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि जनसामान्य से जुड़ी योजनाओं का अधिकतम लाभ समय से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई, उप जिलाधिकारी सदर का्रन्तिशेखर सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 एस0के0 त्यागी, परियोजना निदेशक आर0के0 त्रिवेदी, तहसीलदार राजेन्द्र पाण्डेय, सीओ सिटी प्रीति सिंह, सीओ सदर , नायब तहसीलदार प्रवीन कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित थे।
Read More