वृन्दावन(जहीर आलम)। तीर्थ नगरी वृन्दावन में अग्रसेन जयंती को लेकर धूम मची हुई है। बीती रात अग्रवाल सभा द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह के अंतर्गत नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें विभिन्न झांकियां, व डांडिया नृत्य करती बालिकाएं आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभा यात्रा का शुभारंभ महाराजा अग्रसेन की पूजा अर्चना कर किया गया। गोपीनाथ बाजार से शुरू हुई शोभायात्रा नगर के विभिन्न क्षेत्रों से होती हुई अग्रवाल धर्मशाला पर जाकर संपन्न हुई। शोभायात्रा के आगे-आगे महाराजा अग्रसेन का भव्य डोला यात्रा का नेतृत्व करता चल रहा था और उसके पीछे महारानी माधवी-महालक्ष्मी की भव्य झांकी यात्रा की शोभा में चार चांद लगा रही थी। इनके अलावा भगवान शिव की तांडव नृत्य करने वाले स्वरूप वाली झांकी एवं महाराजा श्री अग्रसेन के स्वरूप की झांकी ने भी शोभायात्रा को पूर्ण धार्मिक स्वरूप प्रदान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इस भव्य यात्रा को देखने को लोगो का हुजूम उमड़ पड़ा। झांकियों के आगे अग्र समाज के 18 राजकुमार भी महाराजा अग्रसेन के वंश के भव्य खुशहाल होने का मानो प्रमाण प्रस्तुत करते चल रहे थे। वहीं नन्हे राजकुमारो का जगह जगह तिलक कर आरती उतारी। डांडिया नृत्य प्रस्तुत करती चल रहीं समाज की युवतियां अग्रसेन की भव्य सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत कर रही थीं। शोभायात्रा के स्वागत को मानो होड़ सी लग गयी थी । सर्वप्रथम अनाज मंडी में अखिलेश अग्रवाल व आलोक बंशल ने महाराज अग्रसेन की आरती उतार पूजा अर्चना कर बच्चों को गिफ्ट भेंट किये । इधर भाजपा नगर अध्यक्ष राजेश पंडित ,लक्ष्मी नारायण पाठक, अनूप अग्रवाल के अलावा अन्य लोगो ने प्रताप बाजार में शोभा यात्रा का पुष्प वर्षा कर जीएलए विवि के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल का जोशीला स्वागत किया गया। शोभायात्रा में मुख्य डोला के साथ चल रहे अग्र बंधुओं द्वारा जयघोष किए जाने से कान्हा की नगरी महाराजा अग्रसेनमय हो उठी। इस अवसर पर जीएलए विवि के कुलाधिपति नारायणदास अग्रवाल, अग्रवाल सभा के सभापति मुरलीधर अग्रवाल, उपसभापति नीरज अग्रवाल भट्टे वाले, गिरीश सर्राफ, रवि अग्रवाल, बॉबी अग्रवाल, सहित अन्य पदाधिकारी व समाज के लोग उपस्थित थे।
Read MoreBREAKING NEWS












