नई दिल्ली। विवादों से घिरी संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत को सुप्रीम कोर्ट से हरी झंडी मिल गई है। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को फैसला सुनाया कि पद्मावत देश के सभी राज्यों में रिलीज होगी। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद विवाद और बढ़ सकता है। पद्मावत पर चार राज्यों में बैन के खिलाफ गुरूवार को सुप्रीम कोर्ट में बहस हुई। इस दौरान वरिष्ठ वकील हरीश साल्वे ने निर्माताओं की ओर से पक्ष रखा। साल्वे ने कहा, सेंसर बोर्ड की ओर से पूरे देश में फिल्म के प्रदर्शन के लिए सर्टिफिकेट मिला है। साल्वे ने चार राज्यों के प्रतिबंध को असंवैधानिक करार दिया। साल्वे ने कहा, राज्यों का पाबंदी लगाना सिनेमैटोग्राफी एक्ट के तहत संघीय ढांचे को तबाह करना है। राज्यों को इस तरह का कोई हक नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि लॉ एंड आर्डर की आड़ में राजनीतिक नफा नुकसान का खेल हो रहा है। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाते हुए कहा कि पद्मावत देश के सभी राज्यों में एक साथ रिलीज होगी। आपको बात दें कि पद्मावत पर राजस्थान, हरियाणा, गुजरात और मध्यप्रदेश में बैन लगा हुआ है। हालांकि, फिल्म को सेंसर बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है। फिल्म 25 जनवरी को रिलीज हो रही है। राजपूत संगठनों का आरोप है कि फिल्म में ऐतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड़ की गई है। जबकि फिल्म से संबद्ध लोगों ने इससे इनकार किया है। साभार-khaskhabar.com
Read MoreBREAKING NEWS












