बैंग-बैंग के प्रदर्शन के बाद से ही इसके निर्देशक अपनी दूसरी फिल्म को लेकर चर्चाओं में रहते आए हैं। कभी उनकी फिल्म में ऋतिक रोशन का होना बताया जाता है और कभी उनकी फिल्म में संजय दत्त का होना बताया जा रहा था। लेकिन फिल्म बनी सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ। रीलोडेड के नाम से बन रही इस फिल्म में जैकलीन फर्नांडिस भी हैं। अब एक बार फिर से सिद्धार्थ आनन्द चर्चाओं में हैं। इस बार उनकी चर्चा हॉलीवुड की हिट सीरीज ‘रेम्बो’ को लेकर है। भारत में रेम्बो के रीमेक की काफी समय से चर्चाएं चल रही हैं। अब कहा जा रहा है कि सिद्धार्थ आनन्द अपनी अगली फिल्म इस सीरीज पर बनाने जा रहे हैं। भारत में रेम्बो सीरीज पसन्द करने वाले दर्शक बडी संख्या में मौजूद हैं, इसलिए उन्होंने फिल्म की कहानी को भारतीय दर्शकों के अनुसार ही लिखा है। कहा जा रहा है कि इस फिल्म के लिए टाइगर श्रॉफ को अप्रोच किया गया है, लेकिन टाइगर ने पटकथा पढने के लिए थोडा ज्यादा समय मांगा है। सिद्धार्थ आनन्द ने पटकथा टाइगर श्रॉफ के पास भिजवाई है। टाइगर श्रॉफ की पिछली फिल्म फ्लाइंग जट बुरी तरह से असफल रही थी, इसके बाद से टाइगर कोई खतरा मोल लेना नहीं चाहते हैं। इसलिए अब वे पटकथाओं पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। यदि कहानी अच्छी हुई तो ही वे इसके लिए हां कहेंगे। हॉलीवुड फिल्मों के रीमेक या अडॉप्टेशन के लिए कुछ समय पूर्व तक निर्माता निर्देशक अनुमति नहीं लेते थे। अब कानून बहुत सख्त है, इसलिए इस सीरीज के अधिकार लेने की बातचीत चल रही है। वैसे कहा जा रहा है कि सिद्धार्थ आनन्द की इस फिल्म से अभी तक कोई बडा बैनर या स्टूडियो नहीं जुड पाया है। इससे पहले भी सिद्धार्थ आनन्द ने अपनी फिल्म बैंग-बैंग को हॉलीवुड स्टार टॉम क्रूज की फिल्म ‘नाइट एण्ड डे’ के आधिकारिक तौर पर रीमेक अधिकार खरीद कर बनाया था। अब वे एक बार फिर से इस प्रयास में हैं। रेम्बो हॉलीवुड की सबसे सफलतम सीरीज में शुमार होती है। इस फिल्म के चार भाग बने थे। अंतिम भाग वर्ष 2008 में आया था लेकिन उसे ज्यादा कामयाबी नहीं मिल पायी थी। साभार-khaskhabar.com
Read MoreBREAKING NEWS












