नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट टीम इस समय वेस्टइंडीज में है। उसने इंडीज के खिलाफ पांच वनडे की सीरीज 3-1 से जीती। उसे आज जमैका में सीरीज का एकमात्र टी20 मैच खेलना है। टीम इंडिया मुख्य कोच के बगैर वहां खेल रही है। अनिल कुंबले ने इंग्लैंड में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी के बाद कोच का पद छोड़ दिया था। कुंबले ने इसका कारण कप्तान विराट कोहली से मतभेद बताया था। अब नए कोच के चयन की घड़ी नजदीक आती जा रही है। बीसीसीआई ने आवेदन के लिए 9 जुलाई तक की डेटलाइन दी थी। उम्मीदवारों का इंटरव्यू सौरव गांगुली, सचिन तेंदुलकर व वीवीएस लक्ष्मण से युक्त क्रिकेट एडवाइजरी कमेटी (सीएसी) लेगी। जानकारी के अनुसार इंटरव्यू के लिए 10 उम्मीदवार फाइनल किए गए हैं। इनमें रवि शास्त्री, वीरेंद्र सहवाग, राकेश शर्मा, लालचंद राजपूत, डोडा गणेश (सभी भारत), फिल सिमंस (वेस्टइंडीज), टॉम मूडी व क्रेग मैक्डरमॉट (ऑस्ट्रेलिया), रिचर्ड पाइबस (इंग्लैंड) और लांस क्लूजनर (दक्षिण अफ्रीका) के नाम शामिल हैं। कल सोमवार को इनमें से छह दावेदार शास्त्री, सहवाग, राजपूत, सिमंस, मूडी व पाइबस का इंटरव्यू होगा। साभार-khaskhabar.com
Read MoreBREAKING NEWS












