भोपाल । मध्यप्रदेश के मंदसौर में किसान आंदोलन में हिंसा का दौर थम नहीं रहा है। कर्फ्यू लगने के बाद हालत काबू में है। मंगलवार को आंदोलन में गोली चलने से पांच लोगों की मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मारे गए किसानों के परिजनों को एक करोड रुपए की सहायता राशि और परिवार के एक सदस्य को योग्यता अनुसार सरकारी नौकरी देने का ऐलान किया है। मंगलवार को मंदसौर में आंदोलनकारियों ने 8 ट्रक और 2 बाइक को आग के हवाले कर दिया। पुलिस और सीआरपीएफ पर पथराव भी किया। हालत पर काबू पाने के लिए सीआरपीएफ की फायरिंग में पांच लोगों की मौत हो गई। इसके बाद शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया। फायरिंग के विरोध में किसान संगठनों और कांग्रेस ने बुधवार को मध्यप्रदेश बंद का ऐलान किया है। राहुल गांधी और हार्दिक पटेल आज मंदसौर पहुंचेंगे। वे किसानों से मुलाकात भी करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देर रात जारी बयान में मंदसौर में हुई घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस घटना से वह व्यथित हैं। मुख्यमंत्री ने मृत किसानों के परिवार के किसी एक सदस्य को योग्यतानुसार शासकीय सेवा में नियुक्त करने और मृतकों के परिजनों को एक करोड़ रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने घायलों को 5 लाख रुपये की सहायता और नि:शुल्क इलाज की भी घोषणा की है। इससे पहले चौहान ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का ऐलान किया था। ज्ञात हो कि मंगलवार दोपहर को मंदसौर में अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे किसानों पर पुलिस ने गोली चला दी, जिसमें पांच किसानों की मौत हुई है और कई घायल हुए हैं। बिगड़ते हालात को देखते हुए मंदसौर शहर और पिपलिया मंडी क्षेत्र में कर्फ्यू लगा दिया गया है। साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। साभार-khaskhabar.com
Read MoreBREAKING NEWS












