जयपुर । राजस्थान एटीएस और विद्याधर नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई कर चार लोगों को गिरफ्तार कर उनसे पुरानी करेंसी के रूप में 21 लाख 33 हजार रुपए बरामद किए हैं। पिछले सात दिनों में पुलिस की यह सबसे बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि ये सभी पुरानी नकदी को 50 प्रतिशत कमीशन पर बदलवाने की फिराक में थे। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सुमित कुमार अग्रवाल निवासी मेहरों का रास्ता रामगंज, गिर्राज खंडेलवाल निवासी प्रभात कॉलोनी विजयवाड़ी मुरलीपुरा, कमल कुमार निवासी गोविंददेवजी के पीछे तालकटोरा और सोनू उर्फ सोनल निवासी कृति नगर टोंक रोड है। सूचना मिलने पर हरकत में आई एटीएस और विद्याधर नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई कर खंडेलवाल टॉवर के पीछे स्थित मॉल रोड पर एक कार में बैठे आरोपियों को बैग के साथ गिरफ्तार किया और चारों के पास से कुल 21 लाख 33 हजार रुपए के पुराने नोट बरामद किए गए। मामले में देर रात तक आरोपियों से पूछताछ जारी थी। पुलिस ने बताया कि नोट बदलवाने का अंतिम दिन होने के कारण चारों आरोपी पुराने नोटों की रकम को बैग में लेकर बैंकों अथवा सीधे कमीशन एंजेंटों से नोट बदलवाने की तैयारी में थे। इसकी जानकारी मिलते ही एटीएस और थाना पुलिस ने नाकाबंदी और दबिश शुरू कर दी और आखिरकार आरोपियों को मॉल रोड पर गिरफ्तार कर लिया। साभार-khaskhabar.com
Read MoreBREAKING NEWS












