अंबाला । विदेश में नौकरी दिलाने नाम पर दुष्कर्म, ब्लैकमेल व धमकी देने के आरोप पुलिस ने एक एनआरआई को गिरफ्तार किया है। आरोपी एनआरआई इस्हाक भट्ठी युवती के साथ अपने लिव इन रिलेशनशिप को साबित नहीं कर पाया, इसलिए उसे जेल की हवा खानी पड़ी। पुलिस रिमांड के दौरान उसने युवती के साथ अपने संबंधों को स्वीकारा पर कहा कि दुष्कर्म नहीं किया। शहर के महिला पुलिस थाने में दर्ज केस में आरोपी को रविवार कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में आरोपी द्वारा रिलेशनिशप का कोई सबूत पेश न किए जाने के कारण फिलहाल कानूनी प्रक्रिया तो पूरी कर ली गई, लेकिन उसका पक्ष जानने की कवायद जारी है। इस्साक भट्टी ने युवती के साथ अपने संबंधों से इन्कार नहीं किया। पुलिस को बताया कि पिछले करीब पांच साल से वह उसके साथ लिव इन रिलेशनशिप में थी। इसकी जानकारी सबको थी। इन्हीं संबंधों के कारण उसने युवती के प्रति अपना सामाजिक दायित्व भी पूरा किया।
भट्टी के मुताबिक उसने उसे सैलून खोलकर दिया, उसकी आर्थिक जरूरतें पूरी की। उसके बैंक खाते में विदेश से लाखों रुपये डलवाए, बावजूद इसके आरोप क्यों लगे, यह समझ में नहीं आ रहा। शक जताया कि जिन लोगों के खिलाफ उन्होंने कोर्ट में केस डाल रखे हैं, उसी रंजिश के चलते युवती को गुमराह कर उनके खिलाफ आरोप लगवाए गए।
सेक्टर नौ में सैलून चलाने वाली युवती के अनुसार अर्बन स्टेट में पीर पर उसकी मुलाकात इस्हाक भट्टी निवासी मिशन चर्च कम्पाऊंड से हुई थी। आरोपी ने बताया कि वह लोगों को विदेश भेजता है। उसे विदेश में नौकरी दिलवाकर सेटल करने की कही। पासपोर्ट व दस्तावेज लेकर कुछ कागजात पर साइन करने के लिए अपने घर बुलाया, वहां विजय मेहता मौजूद था।
युवती के मुताबिक उसके बाद कार्रवाई के लिए दिल्ली स्थित घर लाया। बताया कि वहां उसके बीवी-बच्चे रहते हैं लेकिन वे नहीं मिले। युवती के मुताबिक वहां डाली नामक महिला ने उसे चाय पिलाई। चाय पीने के बाद वह बेहोश हो गई। बेहोशी की हालत में ही उससे दुष्कर्म किया गया।
युवती के मुताबिक उसे धमकी दी गई कि उसकी अश्लील फोटो खींची गई हैं। अगर उसने किसी को बताया तो फोटो इंटरनेट पर डालकर उसे बदनाम कर दिया जाएगा। इसी भय से वह चुप रही, दिल्ली व शहर निवासी पर उसे ब्लैकमेल कर गलत काम किया जाता रहा। आरोपी अपने सहयोगी के साथ उसके किराये के घर पर भी आता जाता रहा।
महिला थाना प्रभारी रजनी के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में युवती के साथ लिव इन रिलेशनशिप की बात कही लेकिन दुष्कर्म व अन्य आरोपों से इन्कार कर दिया। आरोपी अपने संबंधों के पुख्ता सबूत पेश नहीं कर पाया, इसलिए कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई गई। कहा कि जांच जारी है, जो वास्तविकता सामने आएगी, उसी आधार पर कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी, किसी को भी कानून से खिलवाड़ नहीं करने दिया जाएगा
साभार-khaskhabar.com
Read More