BREAKING NEWS

मीडियाभारती वेब सॉल्युशन अपने उपभोक्ताओं को कई तरह की इंटरनेट और मोबाइल मूल्य आधारित सेवाएं मुहैया कराता है। इनमें वेबसाइट डिजायनिंग, डेवलपिंग, वीपीएस, साझा होस्टिंग, डोमेन बुकिंग, बिजनेस मेल, दैनिक वेबसाइट अपडेशन, डेटा हैंडलिंग, वेब मार्केटिंग, वेब प्रमोशन तथा दूसरे मीडिया प्रकाशकों के लिए नियमित प्रकाशन सामग्री मुहैया कराना प्रमुख है- संपर्क करें - 0129-4036474

बडा सवालः हर साल लगते हैं लाखों पौधे, कहां हैं कदम्ब, तमाल, करील कुंजें

मथुरा। यह सवाल हर ब्रजवासी को मथ रहा है कि हर साल लाखों पौधे रोपे जाते हैं। इसके बाद भी कान्हा का ब्रज हरियाली के लिए तरस रहा है। जहां तक कान्हा के ब्रज का सवाल है तो न कदम्ब, न तमाल न करील कुंजे ही दिखती हैं। पद्मश्री मोहन स्वरूप भाटिया ने यह पीड़ा व्यक्त की है कि बारह वन, 24 उपवन, 12 अधिवन, 12 प्रतिवन तथा 12 तपोवनों की ब्रजभूमि में आज न कदम्बखंडियां हैं और न यमुना तट पर तरुवर तमाल की वृक्षावलियां हैं जिनके सम्बन्ध में भारतेन्दु हरिश्चन्द्र ने कभी लिखा थ ‘‘तरनि तनूजा तट तमाल तरुवर बहु छाए’’ और न ‘वन शब्द के साथ जुड़े वृन्दावन की यह स्थिति है जिसके सम्बन्ध में सत्यनारायण ‘कवि रत्न’ ने लिखा था ‘पहिले कौ सौ अब न तिहारौ यह वृन्दावन’  आज वृन्दावन में ‘वृन्दा’ (तुलसी) का वन नहीं है। घर- घर में तुलसी के बिरवा नहीं हैं।

कृष्ण दीवानी मीरा ने कभी लिखा था ।
आली, म्हाने लागे वृन्दावन नीको।


घर - घर तुलसी ठाकुर पूजा, दरसँन गोविन्द जी कौ।
और कृष्ण भक्त चन्दसखी की भी यही भावना थी-
नीकौ लगै वृन्दावन, हमें तो बड़ौ नीकौ लगै।
घर-घर में तुलसी के बिरवा, दरसँन गोविन्द जी कौ।


अष्टछाप कवियों के वर्णनों में कदम्ब, तमाल, करील कुंजों आदि के साथ छौंकरा वृक्ष के वर्णन हैं जिसके नीचे बैठकर महाप्रभु वल्लभाचार्य और वल्लभ सम्प्रदाय के आचार्य प्रवचन किया करते थे किन्तु वे वृक्ष भी नहीं रह गये है।


सामाजिक वानिकी प्रभाग के प्रभागीय निदेशक रघुनाथ मिश्रा तथा क्षेत्रीय वन अधिकारी मुकेश मीणा से प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत वर्ष मथुरा जनपद में लगभग 24 लाख पौधे लगाये गये थे और इस वर्ष 25 लाख 62 हजार 600 पौधे लगाये जाने का लक्ष्य है। इनमें कदम्ब तथा तमाल के पौधों की अपेक्षा नीम, बबूल, पापड़ी, कंजी, शीशम आदि की संख्या अधिक है।


उन्होंने बताया कि महावन-बलदेव मार्ग तथा गोवर्धन-पैंठा मार्ग पर कदम्ब के वृक्ष बहुसंख्या में हैं किन्तु अमराइयां नहीं हैं। सड़कों के चैड़ीकरण कार्य के कारण वृक्षों पर खतरा मँड़राता रहता है।


स्वाधीनता के पश्चात् ब्रज क्षेत्र में करोड़ों वृक्ष लगे हैं, किन्तु कहीं कृष्ण-कन्हैया के उस ब्रज के दर्शन नहीं होते हैं जहाँ कृष्ण सखा ग्वाल -बालों के साथ गाय चराने जाते थे और राधा तथा उनकी सखियों के साथ कुंज-निकुंज में रास रचाते थे। आज न वे वन हैं न कुंज-निकुंज।
उन्होंने अन्त में कहा कि सौभाग्य से जनपद के पाँचों विधायक जिनमें दो मंत्री भी हैं, ब्रज में जन्में-पले हैं किन्तु यह विडम्बना ही है कि ब्रज को उसका प्राचीन स्वरूप नहीं मिल पा रहा है। जन चेतना की जागृति भी इस दिशा में आवश्यक है।

नारद संवाद

देवरिया का ऐसा मंदिर जिसे श्रद्धालु बताते हैं 'अश्वत्थामा' की तपोभूमि

Read More

हमारी बात

Bollywood


विविधा


शंखनाद

पुरानी कहावत और नया भारत

Read More