देवरिया का ऐसा मंदिर जिसे श्रद्धालु बताते हैं 'अश्वत्थामा' की तपोभूमि
Read More
पुणे। एफसी पुणे सिटी ने शनिवार को हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के चौथे सीजन में श्री छत्रपति स्पोट्र्स कॉम्पलेक्स स्टेडियम में खेले गए मैच में नॉर्थ ईस्ट युनाइटेड एफसी को 5-0 से मात दी। पुणे की जीत में उसके कप्तान मार्सेलो लीते परेरा की हैट्रिक का अहम योगदान रहा। मार्सेलो ने 27वें, 45वें और 86वें मिनट में गोल किए।
उनके अलावा आशिक कुरुनियन ने आठवें और आदिल खान ने 88वें मिनट में किया। नॉर्थ ईस्ट की टीम खाता भी नहीं खोल पाई। इस जीत ने पुणे को 15 अंकों के साथ 10 टीमों की तालिका में दूसरे स्थान पर ला दिया है। पुणे ने अब तक आठ मैच खेले हैं और पांच जीते हैं। तीन में उसकी हार हुई है। दूसरी ओर, नॉर्थ ईस्ट का यह सातवां मैच था और उसे पांचवीं हार मिली है। वह चार अंकों के साथ तालिका में नौवें स्थान पर है।
इस जीत के साथ पुणे ने घर में अपना रिकॉर्ड बेहतर किया है। इस मैच से पहले उसे घर में चार में से सिर्फ एक जीत मिली थी। घर में अपने खराब रिकॉर्ड को बेहतर करने के लिए आतुर मेजबान टीम ने आठवें मिनट में आशिक कुरुनियन द्वारा किए गए गोल की मदद से 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। पुणे का यह गोल मेहमान टीम के लिए मार्सिन्हो द्वारा आठवें मिनट में ही किए गए जोरदार हमले के कुछ सेकेंड के बाद ही हुआ।
मार्सिन्हो का हमला नाकाम हो गया, लेकिन इसके बाद जो मूव बना, उसने पुणे को आगे कर दिया। पुणे ने बाएं किनारे से हमला किया। जोनाथन लुका ने गेंद को बाइलाइन तक पहुंचाया, जहां एमिलियानो एल्फारो खड़े थे। एल्फारो ने गेंद को कुरुनियन को पास कर दिया। कुरुनियन ने बिना गलती किए गेंद को पोस्ट में डाल दिया।
मेहमान टीम के गोलकीपर टीपी रेहनेश ने गेंद को रोकने की कोशिश की, लेकिन वह उनकी अंगुलियों को छूते हुए पोस्ट में चली गई। कुरुनियन ने 13वें मिनट में एल्फारो की मदद से एक और मौका बनाया, लेकिन गेंद क्रासबार के ऊपर से चली गई। 17वें मिनट में मेहमान टीम के खिलाड़ी लालरिंडिका राल्ते को चोट लगी और वह मैदान से बाहर जाने पर मजबूर हुए। राल्ते हेमस्ट्रिंग के कारण बाहर गए।मार्सिन्हो ने 23वें मिनट में नॉर्थ ईस्ट के लिए एक शानदार मौका बनाया लेकिन वे हाथ से निकल गया। अब्दुल हाकू ने बॉक्स एरिया के मध्य में एक बेहतरीन डायगोनल पास मार्सिन्हो को दिया। उस समय मार्सिन्हो को कोई खिलाड़ी मार्क नहीं कर रहा था। मार्सिन्हो ने ऊंचा उठते हुए गेंद को हेडर के जरिए पोस्ट में डालने का प्रयास किया लेकिन वह बाएं किनारे के करीब से बाहर चली गई।
पुणे ने इसके बदले 27वें मिनट में एक जोरदार हमला किया और गोल करने में सफलता हासिल की। इस बार पुणे के लिए गोल करने का श्रेय कप्तान मार्सेलो परेरा को गया। पुणे की टीम 2-0 से आगे हो गई थी। परेरा ने अपनी शानदार तकनीक के दम पर एक बेहतरीन गोल करते हुए पुणे को काफी मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। दूसरा गोल करने के बाद पुणे की टीम हावी हो गई।
हालांकि इस दौरान मेहमान टीम ने भी कुछ मौके बनाए, लेकिन वे आधे-अधूरे साबित हुए। पुणे की टीम बेहतर तालमेल के साथ खेल रही थी। इसका फायदा उसे 45वें मिनट में मिला, जब कप्तान परेरा ने लुका की मदद से अपनी टीम को 3-0 से आगे कर दिया। यह गोल परेरा और लुका की सफलता से अधिक मेहमान गोलकीपर की नाकामी की कहानी बयां करता है। लुका ने बाक्स के अंदर परेरा को शानदार पास दिया, जिस पर परेरा ने एक जोरदार शॉट लगाया।
गेंद सीधे रेहनेश के पास गई लेकिन वह उस पर पकड़ नहीं बना सके। गेंद उनके हाथों और पैरों को छकाती हुए गोल-लाइन को पार कर गई। दूसरे हाफ में पुणे ने दो और गोल करते हुए नॉर्थ ईस्ट की वापसी की संभावनाओं को नकार दिया। दूसरे हाफ में मार्सेलो ने अपनी हैट्रिक पूरी की। 86वें मिनट में मार्कोस तेबार ने अपने कप्तान को गेंद दी और मार्सेलो ने आसानी से गोल करते हुए अपनी हैट्रिक पूरी की। पुणे के लिए पांचवां गोल 88वें मिनट में आदिल खान ने रोर्बेटिनो पुग्लारिया के पास पर किया।
साभार-khaskhabar.com













Related Items
ऋतिक रोशन और अनिल कपूर ने THANKYOUFIGHTER पहल का उत्साह बनाए रखा: पुणे एयर फोर्स स्टेशन पर शूरवीरों को समर्पित किया पत्र!
पुणे वनडे में भारत ने इंग्लैंड को 66 रनों से हराया
सुप्रीम कोर्ट ने पुणे पुलिस को लगाई फटकार, सुनवाई होगी 12 सितम्बर को