देवरिया का ऐसा मंदिर जिसे श्रद्धालु बताते हैं 'अश्वत्थामा' की तपोभूमि
Read Moreनई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी की अपील पर पूरे देश में आज सुबह 7 बजे से लेकर रात 9 बजे तक जनता कर्फ्यू (Janta Curfew) रहेगा। वहीं रविवार को शाम 5 बजे पीएम मोदी ने सभी देशवासियों से स्वास्थ्यकर्मियों की हौसला अफजाई करने की अपील की है।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए एक बार फिर जनता से अहम अपील की है। उन्होंने लोगों से यात्रा करने से बचने की सलाह देते हुए कहा है कि वे जिस भी शहर में हैं, कुछ समय वहीं गुजारें तो अच्छा रहेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ट्वीट कर कहा, "मेरी सबसे प्रार्थना है कि आप जिस शहर में हैं, कृपया कुछ दिन वहीं रहिए। इससे हम सब इस बीमारी को फैलने से रोक सकते हैं। रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों पर भीड़ लगाकर हम अपनी सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। कृपया अपनी और अपने परिवार की चिंता करिए, आवश्यक न हो तो अपने घर से बाहर न निकलिए।"
UPDATES :-
- कोरोनावायरस के मिले मामले वाले 75 जिलों में केवल आवश्यक सेवाएं होंगी संचालित। राज्य सरकारों को इन जिलों के लिए आदेश जारी करने की सलाह। 31 मार्च तक सभी मेट्रो और उपनगरीय सेवाएं बंद और अंतरराज्यीय बसों पर भी रोक।
- मध्य प्रदेश के 8 जिलों जबलपुर, नरसिंहपुर, बालाघाट, सिवनी, रीवा, छिंदवाड़ा ग्वालियर और बैतूल में लॉकडाउन किया गया है। जबलपुर संभाग के नरसिंहपुर में तो 14 दिन लॉकडाउन रहेगा। इसके साथ ही राज्य के अनेक जिलों में निषेधाज्ञा 144 लागू की गई है। गौरतलब है कि जबलपुर में कोरोनावायरस से संक्रमित चार लोगों के पाए जाने के बाद राज्य में खास सतर्कता बरती जा रही है। वहीं लोगों से कहा जा रहा है कि वे भीड़-भाड़ वाले इलाकों में न जाएं।
- भारतीय रेलवे ने कोरोना के प्रति गंभीरता दिखाते हुए 31 मार्च तक सभी यात्री ट्रेनों का परिचालन बंद करना तय किया है। सभी लंबी दूरी की ट्रेनें, एक्सप्रेस और इंटरसिटी ट्रेन (प्रीमियम ट्रेन भी शामिल) का परिचालन 31 मार्च रात 12 बजे तक बंद रहेगा। रेलवे की ओर से जारी सूचना के मुताबिक रद्द ट्रेनों की सूची में कोलकाता मेट्रो, कोंकण रेलवे, उपनगरीय ट्रेनें भी हैं। हालांकि आज रात 12 बजे तक उपनगरीय ट्रेन और कोलकाता मेट्रो जारी रहेंगी। मालगाडिय़ों पर कोई पाबंदी नहीं रहेगी।
- कोरोनावायरस देश में लगातार कहर बरपा रहा है। रविवार को महाराष्ट्र के बाद बिहार में भी एक व्यक्ति की जान चली गई है। इसके साथ ही भारत में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या 6 हो गई है। जानकारी के अनुसार पटना में 38 साल का सैफ अली कतर से आया था। वह मुंगेर का रहने वाला था। सैफ डायबिटीज का मरीज था और उसकी किडनी भी खराब थी। वह 20 मार्च को एम्स में भर्ती हुआ था।
- मुंबई में रविवार को कोरोनावायरस के एक मरीज की मौत हो गई। 63 वर्षीय यह शख्स एचएन रिलायंस अस्पताल में 21 मार्च को भर्ती हुआ था। अब कोरोनावायरस से भारत में मरने वालों की संख्या 5 हो गई है। इससे पहले 17 मार्च को मुंबई के कस्तूरबा अस्पताल में 64 साल के एक बुजुर्ग की मौत हो गई थी। इसके अलावा कर्नाटक के कलबुर्गी, दिल्ली और पंजाब के नवांशहर में भी 1-1 व्यक्ति की जान जा चुकी है। महाराष्ट्र इस वायरस से सर्वाधिक प्रभावित है।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देशवासियों से 'जनता कर्फ्यू' का हिस्सा बनने का आग्रह करते हुए कहा कि यह कोविड-19 से लड़ने में मजबूती प्रदान करेगा। रिकॉर्ड किए हुए वीडियो में दिए गए संदेश के माध्यम से उन्होंने लोगों से सामाजिक दूरी बनाने एवं जनता कर्फ्यू का अनुसरण करने के साथ घर के अंदर ही रहने की अपील की। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट में कहा, "जनता कर्फ्यू शुरू हो रहा है..मेरी विनती है कि सभी नागरिक इस देशव्यापी अभियान का हिस्सा बनें और कोरोना के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाएं। हमारा संयम और संकल्प इस महामारी को परास्त करके रहेगा।" मोदी ने राष्ट्र के नाम अपने विशेष संबोधन में कहा, "आज मैं 22 मार्च, रविवार को सुबह 7 बजे से 9 बजे तक जनता कर्फ्यू के लिए देश के लोगों से अनुरोध कर रहा हूं।" उन्होंने लोगों से इस 'कर्फ्यू' का पालन करने, सड़कों पर न निकलने या बाजारों में एकत्र न होने और अपने घरों के अंदर रहने का आग्रह किया।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि वे सख्ती के साथ जनता कर्फ्यू का पालन करेंगे। साथ ही उन्होंने देश के नागरिकों से भी इसमें शामिल होने का आग्रह किया। गृह मंत्री ने ट्वीट कर कहा कि इस महामारी से देश को बचाने के लिए चेन को तोड़ने की आवश्यकता है और लोग ऐसा एकांतवास में जाकर व सामाजिक दूरी बनाकर कर सकते हैं। उन्होंने कहा, "जनता कर्फ्यू के रूप में लोगों का आंदोलन शुरू हो गया है। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के आह्वान का सख्ती से पालन करने का संकल्प लेता हूं। मैं अपने साथी देशवासियों से भी इसमें भाग लेने का आग्रह करता हूं।" उन्होंने आगे कहा, "आइए, इस चेन (श्रृंखला) को तोड़ें और खुद से एकांतवास में जाकर व सामाजिक दूरी बनाकर अपने देश का बचाव करें।"
साभार-khaskhabar.com












