देवरिया का ऐसा मंदिर जिसे श्रद्धालु बताते हैं 'अश्वत्थामा' की तपोभूमि
Read More
नई दिल्ली। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार सुबह कर्नाटक के पार्टी उम्मीदवारों, सांसदों और कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत का मंत्र दिया। मोदी ऐप के जरिये पीएम मोदी कर्नाटक के पार्टी उम्मीदवारों से बातचीत की। आपको बता दें कि कर्नाटक में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी कांग्रेस, विपक्षी बीजेपी तथा जनता दल (सेक्युलर) के बीच है। वोटिंग 12 मई को और मतगणना 15 मई को होगी। प्रधानमंत्री बीजेपी को मजबूती प्रदान करने के लिए राज्य में 15 जनसभाओं को संबोधित कर सकते हैं, जिसकी शुरुआत एक मई को उडुपी से होगी। पीएम मोदी ने पार्टी उम्मीदवारों को चुनाव प्रचार के मुद्दों के बारे में बताया।
पीएम मोदी ने कहा, पहले राजनीतिक दल विकास के मुद्दे पर राजनीति नहीं करते थे, बल्कि जाति-पंत-धर्म के आधार पर राजनीति करते थे। उन्होंने कहा, कुछ राजनीतिक दल एक जाति को चुनाव से पहले लॉलीपॉप पकड़ाते हैं और फिर चुनाव में उनका उपयोग करते हैं। चुनाव बदलता जाता है और इसी तरह हर नए ग्रुपों को लॉलीपॉप देते हैं। उन्होंने कहा कि भारत के राजनीतिक कल्चर को कांग्रेस के कल्चर से मुक्ति दिलानी होगी।
पीएम मोदी ने कहा, हमें सिर्फ विकास के मुद्दे पर चुनाव लडऩा है। आपको इस दौरान चौकन्ना रहना होगा, क्योंकि राजनीतिक पार्टियां बीजेपी के खिलाफ झूठ फैला रही है। हमें झूठ से भी लडऩा है और विकास-सच की लड़ाई भी लडऩी है। आज कांग्रेस की वजह से ही राजनीति की गलत छवि बनी है। पीएम मोदी ने कहा, विदेशी एजेंसियों के जरिए चुनाव में गुमराह करने की कोशिश की जा रही है। कर्नाटक में माताओं-बहनों को टॉयलेट से वंचित रखा। केंद्र सरकार ने चार साल में 34 लाख टॉयलेट बनाए हैं।
पीएम ने कहा कि मुझ पर आरोप लगाया जाता है कि मोदी सिर्फ धन्नासेठों के लिए काम करता है। क्या ये 34 लाख टॉयलेट अमीरों के लिए बने हैं। उन्होंने कहा, आप ऐसी सरकार चुनें जो केंद्र सरकार के न्यू इंडिया को साथ लेकर चले। मोदी ने कहा कि दूसरे राजनीतिक दल वंशवाद, जातिवाद, पैसों के आधार पर चुनाव लड़ रहे हैं। लेकिन हमारी पार्टी संगठन की शक्ति और सबका साथ-सबका विकास के मंत्र के साथ चल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अब जब लोगों को लग रहा कि कांग्रेस हारने वाली है तो लोग त्रिशंकु विधानसभा की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2014 में भी इस प्रकार की बातें की गई थीं। मैं लोगों से अपील करता हूं कि आप पूर्ण बहुमत की सरकार लाइए। दुनिया में आज भारत का नाम रोशन हुआ है इसका कारण केंद्र में पूर्ण बहुमत की सरकार है।
साभार-khaskhabar.com












