देवरिया का ऐसा मंदिर जिसे श्रद्धालु बताते हैं 'अश्वत्थामा' की तपोभूमि
Read Moreवृन्दावन। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि बृज क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में धन की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। उक्त उद्गार उन्होंने मंगलवार को रसखान समाधि स्थल पर बने सभाकक्ष में उप्र बृज तीर्थ विकास परिषद की बैठक में व्यक्त किए।
बैठक में परिषद की ओर से मुख्यमंत्री के सामने कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए। इन प्रस्तावों में पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग और मथुरा वृंदावन रेल मार्ग का हेरिटेज पथ भी शामिल है।
बेहद महत्वपूर्ण दोनों योजनाओं पर केन्द्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय निवेश करने को तैयार है। मुख्यमंत्री के समक्ष करीब चार हजार करोड़ की लागत वाली एलिवेटेड रोड के निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया। यह सड़क नेशनल हाईवे-19 के साथ यमुना एक्सप्रेस वे को वृंदावन, मथुरा, गोकुल और ब्रह्मांड घाट से भी जोडेगी। करीब 45 किलोमीटर का यह दायरा मथुरा के लिए विकास की नई सौगात साबित होगा, जिसे यमुना किनारे यमुना एक्सप्रेस वे और नेशनल हाईवे के मध्य प्रस्तावित किया गया है। इन योजनाओं को मथुरा के विकास से जोड़कर देखा जा रहा है।
इस दौरान, मुख्यमंत्री ने परिषद के प्रस्तावों पर निश्चित समय में एनओसी जारी न करने वाले सरकारी विभागों की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि रसखान समाधि स्थल पर नियमित कार्यक्रम होते रहने चाहिए। उन्होंने प्रमुख मंदिरों पर लगी प्रकाश व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि अन्य मंदिरों तथा प्रमुख स्थानों पर भी इनको लगाया जाना चाहिए ताकि तीर्थ यात्रियों के आकर्षण का केन्द्र बना रहे।
बैठक में मुख्यमंत्री ने मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण को कार्यदायी संस्था की मान्यता देने के विषय पर निर्देश दिए कि कैबिनेट की बैठक में प्रस्ताव रखा जाए। इसके अलावा, शीघ्र ही पर्यटक पुलिस थाना खोलने की अनुमति दी। पारसौली में नवगठित ब्रजभाषा अकादमी का ऑफिस खोलने का निर्णय हुआ। तीर्थ विकास परिषद के प्रस्तावों पर कार्य करने वाली सरकारी एजेंसियों की धीमी कार्यशैली पर भी उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। परिषद के नए 16 कार्यों को कराए जाने पर मुख्यमंत्री ने मुहर लगा दी। उन्होंने परिषद द्वारा कराए गए कार्यों की सराहना की।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मास्टर प्लान के मुताबिक शहरी क्षेत्र में कार्य नहीं हो पा रहे हैं। वृंदावन में प्रेम मंदिर के सामने काफी अतिक्रमण है। नगर निगम को जगह-जगह फूड जोन बनाने चाहिए। विधायक श्रीकांत शर्मा ने कहा कि रसखान समाधि की भांति स्वामी हरिदास जी की विरासत को संरक्षित किए जाने की योजना बनाई जानी चाहिए। मांट के विधायक राजेश चौधरी ने कहा कि विकास से पिछड़े हुए मांट क्षेत्र के विकास पर भी ध्यान देना चाहिए इसके लिए श्री बिहारी जी के सामने यमुना के घाटों पर दूसरी ओर पुल बनने के साथ-साथ पार्किंग का निर्माण कराया जाए। गोवर्धन के विधायक ठा. मेघश्याम सिंह ने कहा कि क्षेत्र में खारी पानी होने के कारण सिंचाई में काफी परेशानी होती है।
बलदेव के विधायक पूरन प्रकाश ने यमुना खादर में तेजी से हो रहे अवैध निर्माणों पर आपत्ति जताई। एमएलसी ठा. ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि जगह-जगह स्वागत अभिनंदन के प्रवेश द्वार बनाये जाने चाहिए। सांसद हेमा मालिनी ने भी विकास सम्बन्धी कई मुद्दे उठाए। जिला पंचायत चेयरमैन किशन चौधरी ने भी कई मुद्दे उठाए। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के उठाए मुद्दों पर जिलाधिकारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना शुद्धिकरण को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यमुना को निर्मल बनाना चुनौती है। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि वह इस संबंध में एक कार्य योजना बनाएं ताकि मथुरा जनपद क्षेत्र में यमुना को प्रदूषित और कचरा डाले जाने से बचाया जा सके। जून माह के अंतिम सप्ताह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद मथुरा आ सकते है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि वृन्दावन स्थित कृष्णा कुटीर में उनका भ्रमण रहेगा। इस स्थान पर करीब 153 विधवा निराश्रित महिलाएं रहती हैं।
मुख्यमंत्री ने डीएम को निर्देश दिए कि वह कृष्णा कुटीर में जो भी व्यवस्था करनी है, उनको सरकारी फंड से युद्ध स्तर पर कराएं। बैठक में उप्र बृज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, अपर मुख्य सचिव वित्त प्रशांत त्रिवेदी, महानिदेशक पर्यटन मुकेश मेश्राम, अपर मुख्य सचिव पर्यावरण मनोज कुमार सिंह, प्रमुख सचिव आवास नितिन रमेश गोकरण, प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात, प्रमुख सचिव लोनिवि नरेन्द्र भूषण, एमडी परिवहन आरपी सिंह सहित अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन राजीव कृष्ण, जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, एसएसपी गौरव ग्रोवर, विप्रा उपाध्यक्ष नगेन्द्र प्रताप, मथुरा-वृन्दावन नगर निगम के आयुक्त अनुनय झा आदि अधिकारी के अलावा व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन रविकांत गर्ग, जीएलए के कुलाधिपति नारायण दास अग्रवाल आदि मौजूद रहे। इससे पहले, प्रात: श्रीकृष्ण-जन्मस्थान पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री केशव देव मंदिर में पूजा अर्चना के उपरान्त गर्भ-गृह स्थित योगमाया जी व जन्म स्थान के दर्शन के उपरांत भागवत-भवन पहुंचकर श्री राधा कृष्ण मंदिर में भगवान को भोग आदि अर्पण करते हुए आरती उतार कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण-जन्मस्थान पर प्रतीक्षा में खड़े देश के विभिन्न प्रदेशों से आए दर्शनार्थियों से भेंट कर उनका हालचाल पूछा। इस अवसर पर संस्थान के सचिव कपिल शर्मा व प्रबंध-समिति के वरिष्ठ सदस्य व हिंदूवादी नेता गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने उनको स्मृति चिह्न के रूप में भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमा भेंटकर श्री कृष्ण जन्मभूमि के 10 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को पवित्र क्षेत्र घोषित किए जाने की अधिसूचना में वार्ड संख्या 19, 40 व 48 के वंचित रह गए महत्वपूर्ण तीर्थों को भी सम्मिलित किए जाने का आग्रह करते हुए एक ज्ञापन सौंपा, जिस पर विचार कर शीघ्र निर्णय लिए जाने का आश्वासन मुख्यमंत्री ने दिया। इसके बाद, मुख्यमंत्री का काफिला महावन तहसील के अंतर्गत यमुना किनारे बनी रसखान और ताज बीबी की समाधि स्थल की ओर रवाना हुआ।
ध्यान रहे, ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने हाल ही में रसखान और ताज बीवी के समाधिस्थलों को जीर्णोद्धार कराया है। मुख्यमंत्री ने पूरे परिसर का भ्रमण किया और यहां लगे शिलालेखों को भी पढ़ा। ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक के बाद मुख्यमंत्री काफिले के साथ बरसाना के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ब्रह्मांचल पर्वत स्थित लाड़ली जी के महल भी गए, जहां बालकृष्ण शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य पूजा अर्चना कराई। मंदिर सेवायतों ने मुख्यमंत्री का ओढ़नी ओढ़ाकर स्वागत किया। मंदिर से दर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री प्रिया कुंड स्थित संत विनोद बिहारी दास महाराज की कुटिया पर पहुंचे। संत विनोद बाबा से करीब 15 मिनट की औपचारिक वार्ता के बाद उन्होंने बरसाना के राधा बिहारी इंटर कॉलेज हेलीपैड से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी।













Related Items
भारतीय शेयर बाजार के लिए उतार-चढ़ाव भरा रहा सप्ताह, निवेशकों ने मल्टी-एसेट रणनीति की ओर किया रुख
राष्ट्रीय पोषण सप्ताह: जिंक चंगा तो जल्दी नहीं होंगे 'बूढ़े', इस मिनरल का संबंध DNA से
मथुरा : रिफाइनरी में सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ