देवरिया का ऐसा मंदिर जिसे श्रद्धालु बताते हैं 'अश्वत्थामा' की तपोभूमि
Read More
नई दिल्ली। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में शनिवार रात दिए अपने संबोधन में दुनिया के सामने पाकिस्तान को एक बार फिर बेनकाब कर दिया। एक ओर सुषमा ने पीएम मोदी की नीतियों की जमकर तारीफ की। वहीं, दूसरी ओर दुनियाभर के सामने पाकिस्तान को जमकर लताड़ लगाई। सुषमा ने कहा कि हैवानियत की हदें पार करने वाला पाकिस्तान आज भारत को इंसानियत सिखाने चला है। सुषमा ने तंज कसा, हमने आईआईटी और आईआईएम बनाए वहीं पाकिस्तान ने लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकी संगठन बनाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के भाषण की तारीफ में कसीदें गढ़े।
पीएम ने सुषमा के भाषण को बेमिसाल बताया। पीएम ने ट्वीट कर कहा, यूएन में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेमिसाल स्पीच। उन्होंने वैश्विक मंच पर भारत को फख्र महसूस कराया। मोदी ने ट्वीट किया, सुषमा स्वराज ने विश्व के संकटों को पहचानने में पैनी दृष्टि का इस्तेमाल किया और बार-बार भारत का वो दृढ़ निश्चय दोहराया, जिसमें हम विश्व को एक बेहतर जगह बनाना चाहते हैं।सुषमा जी ने आतंकवाद के खतरे पर और इससे मिलकर लडऩे की जरूरत पर विश्व को एक कड़ा संदेश दिया।
सुषमा ने यूं दिया पाक को जवाब
दोस्ती किसने बदरंग की
सुषमा स्वराज ने कहा, मैं याद दिलाना चाहती हूं कि जिन्ना ने दोस्ती की विरासत दी या नहीं दी, ये तो इतिहास जानता है। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दोस्ती का हाथ जरूर बढ़ाया। लेकिन कहानी बदरंग किसने की, ये आप बताएं। सुषमा स्वराज ने शिमला समझौता और लाहौर घोषणापत्र का जिक्र करते हुए कहा कि हर मामले को द्विपक्षीय सुलझाने की बात हुई थी, लेकिन पाकिस्तान ने हमेशा इसका उल्लंघन किया।
हम गरीबी से लड़ रहे है और पाक हमसे
सुषमा स्वराज ने कहा, सभापति जी, हम तो गरीबी से लड़ रहे हैं, लेकिन पाकिस्तान हमसे लड़ रहा है। पाकिस्तान के पीएम ने हम पर आरोप लगाए। हम पर आतंकवाद और मानवाधिकार उल्लंघन का आरोप लगाया। जिस समय वह बोल रहे थे उस समय लोगों ने कहा कि देखो कौन बोल रहा है।
मासूमों का हत्यारा हमें सिखा रहा मानवता का पाठ
सुषमा ने कहा कि हैवानियत की हदें पार कर सैकड़ों मासूमों को मौत के घाट उतारने वाला आज यहां (यूएन में) खड़ा होकर हमे मानवता सिखा रहा है। सुषमा ने कहा, सभापति जी मैं पाकिस्तान से एक सवाल पूछना चाहती हूं कि क्या कभी सोचा कि भारत और पाकिस्तान एक साथ आजाद हुए थे लेकिन आज भारत की पहचान आईटी के सुपर पावर के रूप में बनी जबकि पाकिस्तान की दहशतगर्द मुल्क के रूप में। इसकी एक ही वजह थी कि पाकिस्तान से मिलने वाली आतंकवाद की चुनौतियों के बावजूद भारत में आने वाली विभिन्न दलों की सरकारों ने विकास किया। सुषमा ने कहा,भारत ने आईआईटी, आईआईएम बनाए। हमने एम्स जैसे अस्पताल बनाए। हमने स्पेस में इंटरनेशनल संस्थान बनाए। लेकिन पाकिस्तान वालों आपने क्या बनाया? आपने लश्कर-ए-तैयबा बनाया, जैश-ए-मोहम्मद बनाया, आपने हक्कानी नेटवर्क बनाया। हिज्बुल-मुजाहिदीन बनाया। आतंकी ठिकाने और टेररिस्ट कैम्प बनाए। सुषमा ने कहा कि हमने स्कॉलर्स पैदा किए, साइंटिस्ट पैदा किए, इंजिनियर पैदा किए, डॉक्टर पैदा किए, पाकिस्तान वालों आपने दहशतगर्त पैदा किए।
सुषमा ने पाक के दोस्त चीन पर भी साधा निशाना
पाकिस्तान को आतंकवाद पर घेरने के साथ-साथ सुषमा स्वराज ने चीन पर भी निशाना साधा। सुषमा स्वराज ने कहा कि पहले जब हम आतंकवाद शब्द का इस्तेमाल करते हैं तो विश्व के बड़े-बड़े देश इसे कानून व्यवस्था का मामला बता खारिज कर देते थे। अब इस समस्या से सभी पीडि़त हैं। सुषमा ने कहा कि द्विपक्षीय वार्ता या संयुक्त वार्ता में हम सभी आतंकवाद के खिलाफ बयान जारी करते हैं लेकिन यह केवल रस्म बनकर रह गई है, जब उस संकल्प को पूरा करने का समय आता है तो सारे देश अपना-अपना हित देखने लगते हैं।
साभार-khaskhabar.com













Related Items
कमलिनी मुखर्जी: कविताओं से शुरू हुआ सफर, फिर सिनेमा की दुनिया की बनीं चर्चित अभिनेत्री
ट्रांसजेंडर्स की दुनिया
थार के रेगिस्तान में बसता है इतिहास का खजाना, बाड़मेर के खंडहर और जैन मंदिरों की दुनिया