देवरिया का ऐसा मंदिर जिसे श्रद्धालु बताते हैं 'अश्वत्थामा' की तपोभूमि
Read More
पोर्ट ऑफ स्पेन । क्वींस पार्क ओवल मैदान में भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज को दूसरे वनडे मुकाबले में 105 रनों से पराजित किया है। इस जीत के साथ ही भारत ने 5 वनडे मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। आपको बता दें कि पहला मुकाबला बारिश के कारण धुल गया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 43 ओवर में 5 विकेट खोकर 310 रन बनाए और वेस्टइंडीज को 311 रनों का लक्ष्य दिया था।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम 43 ओवर में 6 विकेट गंवा कर 205 रन ही बना पाई और भारत यह मैच 105 रनों से जीत गया। वेस्टइंडीज की ओर से शाई होप ने सबसे ज्यादा 81 रन बनाए, वहीं रोस्टन चेस ने 33 रनों की पारी खेली। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। अजिंक्य रहाणे को उनकी बेहतरीन 103 रनों पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वेस्टइंडीज की टीम को पहला झटका भुवनेश्वर कुमार ने दिया। जब उन्होंने अपने पहले ही ओवर की तीसरी गेंद पर कीरोन पॉवेल को धोनी के हाथों कैच करा दिया। अपने अगले ही ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने जेसन मोहम्मद को पंड्या के हाथों कैच करा के वेस्टइंडीज को 4 रन के स्कोर पर दूसरा झटका दे दिया।
इसके बाद वेस्टइंडीज के बल्लेबाज इविन लुईस और शाई होप ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 89 रनों की पार्टनरशिप कर दी। लेकिन भारत के लिए अपना दूसरा मैच खेल रहे कुलदीप यादव ने 19 वें ओवर में इविन लुईस को धोनी के हाथों स्टंप करा के वेस्टइंडीज को तीसरा झटका दे दिया। लुईस 21 रन बना कर आउट हुए।
25.3 ओवर में कुलदीप यादव ने ताबड़तोड़ बैटिंग कर रहे वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज शाई होप को एलबीडब्लू करके भारत को चौथी सफलता दिलाई। पांचवां झटका 29.2 ओवर में 132 के स्कोर पर लगा। जब अश्विन ने जोनाथन कार्टर (13) को एलबीडब्लू कर दिया। वेस्टइंडीज को छठा झटका कुलदीप यादव ने जेसन होल्डर को आउट करके दिया। होल्डर 29 रन बनाकर धोनी के हाथों स्टंप आउट हुए।
भारत की बल्लेबाजी--
अजिंक्य रहाणे (103) के शतक, कप्तान विराट कोहली (87) और शिखर धवन (63) के अर्धशतकों की बदौलत भारत ने दूसरे वनडे मैच में मेजबान वेस्टइंडीज के सामने 311 रनों का लक्ष्य रखा। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने अपने ऊपरी क्रम के दम पर निर्धारित 43 ओवरों में पांच विकेट खोकर 310 रन बनाए। बारिश के कारण मैच देरी से शुरू हुआ और इसी कारण मैच के ओवरों की संख्या 50 से घटाकर 43 कर दी गई।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारत को सलामी जोड़ी धवन और रहाणे ने टीम को शानदार शुरूआत दी। इन दोनों की बल्लेबाजी और तालमेल को देखकर ऐसा लग रहा था कि यह दोनों पिछले मैच की लय में ही हैं। इस मैच में दोनों ने शतकीय साझेदारी को अंजाम दिया और पहले विकेट के लिए 18.2 ओवरों में 114 रन जोड़े। धवन ऑफ स्पिनर एशले नर्स की गेंद पर विकेटकीपर शाई होप द्वारा स्टम्पिंग कर दिए गए। उन्होंने 59 गेंदें खेली और 10 चौके लगाए।
धवन के जाने के बाद रहाणे को कप्तान विराट कोहली का साथ मिला। रहाणे विकेट पर जम चुके थे और खूबसूरत शॉट्स खेलते गए। 34वें ओवर की चौथी गेंद पर उन्होंने ऐसा ही खूबसूरत शॉट खेल अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर का तीसरा शतक पूरा किया, लेकिन इसी ओवर की आखिरी गेंद पर वह मिग्युएल कमिंस की गेंद पर बोल्ड हो गए। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में 103 गेंदों का सामना किया और 10 चौके तथा दो छक्के लगाए। उन्होंने कोहली के साथ 97 रनों की साझेदारी की।
बड़े शॉट खेलने के लिए मशहूर हार्दिक पांड्या को ऊपर भेजा गया। वह सिर्फ बिना खाता खोले पवेलियन लौट लिए थे लेकिन अल्जारी जोसेफ की यह गेंद नो बाल निकली। गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेते हुए होप के हाथों गई और पांड्या खुद ब खुद चल दिए, लेकिन अंपायर ने यह देखना चाहा कि गेंद सीधे विकेटकीपर के हाथों में गई है या नहीं, इसी जांच में यह नो बाल निकली। हालांकि वह इस जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके और चार रन बना कर आउट हो गए। युवराज ने 14 रनों का योगदान दिया। कोहली ने 66 गेदों में चार चौके और चार छक्कों की मदद से तेज तर्रार पारी खेली। महेंद्र सिंह धोनी 13 रन और केदार जाधव भी 13 रन बना कर नाबाद रहे।
साभार-khaskhabar.com













Related Items
एशियन गेम्स 2026: प्रणवी ने गोल्फ में भारत को दिलाया ऐतिहासिक गोल्ड मेडल, महिला टीम ने जीता सिल्वर
एशियन गेम्स 2026: भारत की उम्मीदों को लगा करारा झटका, मेडल से चूकीं मनु भाकर, फाइनल में पांचवें स्थान पर रहीं
भारत का बड़ी आर्थिक शक्ति बनना 'ग्लोबल साउथ' देशों की मदद में सहायक: विदेश मंत्री जयशंकर